मोतिहारी में कांग्रेसजनों ने पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि

  • Post By Admin on Dec 28 2024
मोतिहारी में कांग्रेसजनों ने पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि

मोतिहारी : पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर पूर्वी चंपारण जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बीते शुक्रवार को एक शोक सभा का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय परिसर में आयोजित शोक सभा में पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजनों ने भाग लिया। शोक सभा की शुरुआत पूर्व पीएम स्व. डॉ. मनमोहन सिंह की तस्वीर पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से की गई। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ई शशि भूषण राय उर्फ गप्पू राय ने डॉ. मनमोहन सिंह के विचारों को याद किया और उनके प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान अपने संबोधन में राय ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने भारतीय राजनीति में जो योगदान दिया है वह अतुलनीय एवं अनमोल है। उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक सुधारों की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। जिससे देश में विकास और समृद्धि का नया युग शुरू हुआ। उनकी सादगी और ईमानदारी को हमेशा याद किया जाएगा। कांग्रेस नेता विजय शंकर पांडेय ने भी डॉ. सिंह के व्यक्तित्व और उनकी नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह की नीतियों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। उन्होंने हमेशा देश के हित में काम किया और वैश्विक स्तर पर भारत को सम्मान दिलवाया। उन्होंने कहा कि उनकी सोच और उनका नेतृत्व हमेशा प्रेरणादायक रहेगा।

सभा में पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने एक स्वर में कहा कि डॉ. सिंह का योगदान केवल भारतीय राजनीति तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत को एक नई पहचान दिलाई। श्रद्धांजलि सभा में जिला कांग्रेस कमेटी के विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी मौजूद थे। शोक सभा के अंत में एक मिनट का मौन रखकर पूर्व पीएम डॉ. सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर पार्टी नेता तनवीर खान, किरण कुशवाहा, मुनमुन जायसवाल, आबिद हुसैन ( मुखिया), रंजीत पांडेय, रमेश श्रीवास्तव, एन०एस०यू०आई जिला अध्यक्ष आशीष कुमार, राहुल शर्मा, सत्येंद्र नाथ तिवारी, अमरेंद्र कुमार सिंह, अरुण पांडेय, विजयकांत त्रिपाठी, डॉ अफरोज आलम, परशुराम पांडेय, राजकुमार अंजुमन, विश्वनाथ चौरसिया, इकराम, आर्यन, सुभाष शर्मा एवं रंजन शर्मा सहित अन्य लोग शामिल थे।