प्रणब मुखर्जी की बेटी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
- Post By Admin on Dec 28 2024

नई दिल्ली : पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का बीते गुरुवार को देर रात निधन हो गया। उन्होंने अपनी अंतिम सांसे दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल में ली। आज दिल्ली के निगमबोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
वहीं, उनके निधन के बाद उनके स्मारक को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। केंद्र सरकार ने स्मारक बनवाने को लेकर हामी भर दी है। सरकार ने ऐलान किया है कि वह स्मारक बनवाएगी। हालांकि स्मारक कहां बनेगा इसके लिए अभी जगह तय नहीं किया गया है। अगले 3-4 दिनों में यह तय कर लिया जाएगा।
अब इस विवाद में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी भी कूद पड़ी हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के लिए एक अलग स्मारक बनाने के प्रस्ताव की आलोचना की है। एक्स पर एक बयान में, उन्होंने दावा किया कि जब अगस्त 2020 में उनके पिता और पूर्व भारतीय राष्ट्रपति का निधन हुआ, तो कांग्रेस नेतृत्व ने कांग्रेस कार्य समिति (CWC) द्वारा शोक सभा बुलाने की भी जहमत नहीं उठाई। उन्होंने उस दौरान कांग्रेस नेतृत्व पर इस मुद्दे पर उन्हें गुमराह करने का आरोप भी लगाया था। बता दें कि कांग्रेस ने कल CWC की बैठक बुलाई थी और बैठक में मनमोहन सिंह को श्रद्धंजलि दी गई थी।
क्या है विवाद?
डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से स्मारक बनाए जाने का अनुरोध किया। खड़गे ने पत्र लिखकर सुझाव दिया कि पूर्व प्रधानमंत्री का अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर किया जाए, जहां उनकी विरासत को सम्मान देने के लिए एक स्मारक बनाया जा सके।
वहीं, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने अपने एक पोस्ट में लिखा कि इससे पहले आज सुबह कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सुझाव दिया था कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर किया जाए, जहां उनकी विरासत को सम्मान देने के लिए एक स्मारक बनाया जा सके.’
उन्होंने आगे लिखा कि हमारे देश के लोग यह समझ नहीं पा रहे हैं कि भारत सरकार उनके अंतिम संस्कार और स्मारक के लिए ऐसा स्थान क्यों नहीं ढूंढ पाई जो उनकी वैश्विक प्रतिष्ठा, उत्कृष्ट उपलब्धियों के रिकॉर्ड और दशकों से देश के लिए उनकी अनुकरणीय सेवा के अनुरूप हो। यह भारत के पहले सिख प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का जानबूझकर किया गया अपमान है।’
भाजपा ने किया पलटवार
कांग्रेस के इस बयान पर भाजपा नेता निशिकांत दुबे ने पलटवार करते हुए उन्होंने जयराम रमेश के पोस्ट पर कई तरह के सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए लिखा, "झूठे के सरदार,सोरोस का खास। विदेशी एजेंट के साथ देश तोड़ने का ठेकेदार, अपनी पार्टी या पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के परिवार से पूछ कर लिखते।”