लखीसराय : जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों की छात्राओं को शिक्षा के साथ रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसरों से जोड़ने के लिए महिला एवं बाल विकास निगम की ओर से पहल की गई। महिला सशक्तिकरण केंद्र, लखीसराय के तत्वावधान में पीरी बाजार और अभयपुर की छात्राओं का जिला नियोजनालय में निबंधन कराया गया। इस दौरान उन्हें रोजगार, कौशल विकास, करियर निर्माण और उपलब्ध रोजगार अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने छात्राओं को महिला एवं बाल विकास निगम की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन नंबर 181, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला सशक्तिकरण केंद्र और शक्ति सदन सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों के बारे में बताते हुए छात्राओं को जागरूक किया। प्रशांत कुमार ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षित और जागरूक बनाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है, ताकि वे अपने सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।
कार्यक्रम के सफल संचालन में लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी और विश्व कंप्यूटर साक्षरता मिशन के निदेशक राजेश कुमार की भूमिका रही। जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल के दौरान छात्राओं को विभिन्न विभागीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। मौके पर लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार, केस वर्कर निभा कुमारी और परामर्शी नूतन कुमारी ने भी अपने-अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रम के अंत में लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने छात्राओं और उपस्थित लोगों को बाल विवाह की रोकथाम की सामूहिक शपथ दिलाई। सभी ने इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
















