नालंदा में टला बड़ा रेल हादसा, मालगाड़ी की चार बोगियां पटरी से उतरीं

  • Post By Admin on Jul 13 2026
नालंदा में टला बड़ा रेल हादसा, मालगाड़ी की चार बोगियां पटरी से उतरीं

नालंदा : बिहार के नालंदा जिले के हिलसा रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक मालगाड़ी की चार बोगियां पटरी से उतर जाने से रेल परिचालन और सड़क यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे ने राहत एवं मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:20 बजे फतुहा से इस्लामपुर की ओर जा रही एक मालगाड़ी की चार खाली बोगियां हिलसा रेलवे स्टेशन के पास अचानक पटरी से उतर गईं। हादसे में चारों बोगियां क्षतिग्रस्त हो गईं। संयोगवश उस समय स्टेशन पर कोई यात्री या एक्सप्रेस ट्रेन मौजूद नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना के बाद सुरक्षा कारणों से चिकसौरा रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। इसके कारण सड़क यातायात प्रभावित रहा और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही दानापुर रेल मंडल के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। रेलवे ने ट्रैक की मरम्मत और रेल परिचालन को जल्द बहाल करने के लिए राहत कार्य शुरू कर दिया है। रेल अधिकारियों के अनुसार, डिरेल हुई बोगियों को हटाने के लिए फतुहा से एक विशेष इंजन मंगाया जा रहा है। इसकी मदद से क्षतिग्रस्त बोगियों को ट्रैक से हटाकर दूसरे ट्रैक पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य किया जाएगा। रेलवे ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, जबकि ट्रैक की मरम्मत और परिचालन बहाल करने का कार्य तेजी से जारी है।