फिर बढ़ा दिल्ली में यमुना का जलस्तर, बाढ़ का खतरा बढ़ने से प्रशासन अलर्ट

  • Post By Admin on Aug 18 2025
फिर बढ़ा दिल्ली में यमुना का जलस्तर, बाढ़ का खतरा बढ़ने से प्रशासन अलर्ट

नई दिल्ली : दिल्लीवासियों के लिए यमुना नदी में जलस्तर का लगातार बढ़ना चिंता का कारण बन गया है। सोमवार को हुई भारी बारिश के साथ-साथ हिमाचल और उत्तराखंड के बांधों से छोड़ा गया पानी यमुना के जलस्तर को खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा रहा है।

तस्वीरों में दिख रहा है कि यमुना नदी तेजी से अपने किनारों को पार कर रही है। यमुना बाजार इलाके के लोहा पुल के पास स्थिति सबसे गंभीर मानी जा रही है, जहां पानी निचले इलाके में प्रवेश कर रहा है। यहीं स्थित एक पुराने मंदिर का दृश्य चिंता बढ़ा रहा है, क्योंकि नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया है कि यह मंदिर डूबने के कगार पर है।

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए दिल्ली प्रशासन अलर्ट पर है। नदी किनारे बसे इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किए जाएंगे।

दिल्ली से सटे नोएडा में भी यमुना का जलस्तर बढ़ा है। हथनी कुंड बैराज से छोड़े गए पानी के कारण आसपास के इलाके बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं। राजधानी में यमुना नदी के चेतावनी स्तर 204.5 मीटर, खतरे का स्तर 205.3 मीटर और 206 मीटर पर निकासी शुरू होती है। इस स्थिति में प्रशासन सतर्क हो जाता है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की तैयारी शुरू कर देता है।

यमुना के प्रवाह और बाढ़ के जोखिम की निगरानी के लिए ओल्ड रेलवे ब्रिज एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में काम कर रहा है। प्रशासन लगातार नदी पर नजर बनाए हुए है और जलस्तर के बढ़ने की स्थिति में तुरंत कदम उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है।