2047 तक समृद्ध बिहार के निर्माण हेतु संकल्पित हैं विकास वैभव
- Post By Admin on Jan 06 2025

वैशाली : बिहार के उज्जवल भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान की बैठक रविवार को वैशाली के सराय स्थित टोल प्लाजा के पास किशलय किशोर के आवास पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए आईपीएस अधिकारी और अभियान के राष्ट्रीय समन्वयक विकास वैभव ने बताया कि अभियान ने 22 मार्च 2021 में अपनी यात्रा शुरू की थी और अब यह बिहार के समृद्ध भविष्य के निर्माण में एक प्रमुख सामाजिक आंदोलन बन चुका है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में 1,50,000 से अधिक समर्पित व्यक्ति जुड़ चुके हैं। जो जाति, धर्म, लिंग या विचारधाराओं से ऊपर उठकर 2047 तक एक विकसित भारत और समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए संकल्पित हैं। वैशाली जिले में भी इस अभियान के प्रति भारी उत्साह है और यहां के लोगों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। विकास वैभव ने कहा, “वैशाली भूमि हमेशा नवचिंतन और सकारात्मक बदलाव का केंद्र रही है और अब यहाँ से बिहार के उज्जवल भविष्य के लिए एक नया शंखनाद होने जा रहा है।”
बैठक में मुख्य समन्वयक किशलय किशोर ने अभियान का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा कि 2047 तक बिहार को एक ऐसा समृद्ध राज्य बनाना है। जहां किसी भी व्यक्ति को शिक्षा, रोजगार या स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राज्य छोड़ने की आवश्यकता नहीं होगी। यह अभियान बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है और जातिवाद, सांप्रदायिकता तथा लैंगिक भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लेता है। लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के तहत अब तक बिहार के सभी जिलों, भारत के प्रमुख शहरों और विदेशों में 1,600 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इसके बाद अभियान का उद्देश्य बिहार के हर कोने में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस सिलसिले में ‘नमस्ते बिहार - पंचम बृहत जन संवाद’ का आयोजन 9 फरवरी 2025 को वैशाली जिले के हाजीपुर में किया जाएगा। अब तक हुए संवादों में 50,000 से अधिक लोग शामिल हुए हैं। जिनमें 10 दिसंबर 2023 को बेगूसराय, 21 जनवरी 2024 को आरा और दिसंबर 2024 में सासाराम और छपरा में आयोजित संवाद शामिल हैं। दिल्ली में भी बिहार @ 2047 विजन कॉन्क्लेव आयोजित किया गया था।
जिसमें 2000 से अधिक बिहारवासी शामिल हुए थे। बैठक के दौरान वैशाली अध्याय से जुड़े अभियान के सदस्यों ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने विचार व्यक्त किए और सभी ने 9 फरवरी को हाजीपुर में आयोजित होने वाले संवाद के सफल संचालन का संकल्प लिया। बैठक में किशलय किशोर, अनिल चंद्र कुशवाहा, पंकज सिंह, जिवेश कुमार सिंह, अभय सिंह, अभिषेक आयुष, प्रियेश प्रियम, संदीप कुमार, रविरंजन, अंशु सिंह, कुश कुमार, राजू निषाद, अमरेश कुमार सिंह, राहुल राय, रत्नेश टिंकू सहित कई अन्य अभियान समर्थक उपस्थित थे।