लखीसराय : शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और कोहरे के कारण बढ़ते खतरे को देखते हुए परिवहन विभाग ने बीते शनिवार की रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य नियमों का पालन सुनिश्चित करना और संभावित दुर्घटनाओं को रोकना था। शहर और बाजार क्षेत्रों में भारी वाहनों की नो एंट्री का सख्ती से पालन करवाने पर जोर दिया गया। कोहरे के दौरान हाई बीम पर चलने वाले भारी वाहनों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। हाई बीम के कारण सड़क पर दृश्यता कम हो जाती है जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। अभियान के दौरान कुल 24 वाहन की जांच की गई।वहीं, कुल 39 हजार रुपये का चालान काटा गया। हाइवे पर यात्रा कर रहे मोटरसाइकिल चालकों को हेलमेट पहनने और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि सुरक्षा उपकरणों का उपयोग उनकी जान बचा सकता है। परिवहन विभाग ने इस अभियान के माध्यम से शहरवासियों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने का संदेश दिया। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। परिवहन विभाग ने घोषणा की है कि इस तरह के अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि शहर और हाईवे पर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।