पटना में बनेगा तिरुपति बालाजी का मंदिर, नीतीश सरकार ने दी 10 एकड़ जमीन
- Post By Admin on Dec 09 2025
बिहार : राज्य की राजधानी पटना को जल्द ही एक नई और बड़ी धार्मिक पहचान मिलने वाली है। राज्य सरकार ने पटना के मोकामा खास क्षेत्र में श्री वेंकटेश्वर बालाजी मंदिर के निर्माण के लिए जमीन आवंटित कर दी है। नीतीश कैबिनेट की मंजूरी के बाद यह निर्णय औपचारिक रूप से लागू हुआ है। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के चेयरमैन बीआर नायडू ने एक्स पर ट्वीट करके जानकारी दी। 10.11 एकड़ जमीन को 99 वर्षों के लिए 1 रुपए के सांकेतिक लीज रेंट पर आवंटित करने के लिए बिहार सरकार का हार्दिक धन्यवाद किया।
जाने आंध्र प्रदेश के सीएम ने क्या कहा
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बिहार सरकार के इस फैसले को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि पटना में श्री वेंकटेश्वर मंदिर बनने से पूर्वी भारत के लाखों भक्तों को तिरुपति जैसी भव्यता और दर्शन का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ये कदम बिहार और आंध्र प्रदेश के बीच सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करेगा। इस निर्णय पर बधाई देने के लिए बीआर नायडू ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्य के मानव संसाधन विकास मंत्री नारा लोकेश का भी आभार व्यक्त किया।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
बिहार चुनाव से पहले सितंबर में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मोकामा में तिरुपति बालाजी मंदिर बनने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि ये कदम न केवल मोकामा क्षेत्र बल्कि पूरे बिहार में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खोलेगा। 10 एकड़ से अधिक की इस विशाल भूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण होने से बिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक मानचित्र पर एक नई पहचान बनेगी।