युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण का तीसरा दिन, 105 स्वयंसेवकों ने सीखा आपदा प्रबंधन कौशल
- Post By Admin on Jan 09 2026
पटना : मेरा युवा भारत और बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वाधान में पटना के संपत्त चौक स्थित द ईगल व्यू प्रशिक्षण केंद्र पर 105 स्वयंसेवकों का युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का तीसरा दिन संपन्न हुआ।
तीसरे दिन बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सचिव श्री वारिस खान प्रशिक्षण केंद्र पहुंचे और स्वयंसेवकों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की समीक्षा की। उन्होंने स्वयंसेवकों के अनुशासन और उत्साह की सराहना करते हुए बताया कि सरकार युवाओं को आपदा जोखिम कम करने के लिए प्रशिक्षित कर रही है। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रशिक्षण संचालन और दिशानिर्देशों को सही ढंग से लागू करने के लिए निर्देशित किया।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीम ने प्रशिक्षण के दौरान एक लघु फिल्म भी रिकॉर्ड की, जिसमें सभी स्वयंसेवकों ने भूकंप का मॉकड्रिल किया। राहत और बचाव दल, प्राथमिक चिकित्सा दल सहित विभिन्न समूह बनाकर स्वयंसेवकों ने अभ्यास किया। प्रथम टीम कमांडर के रूप में चंदन कुमार और द्वितीय कमांडर आशीष कुमार ने दलों का नेतृत्व करते हुए ड्रिल को सफल बनाया। प्राथमिक चिकित्सा दल में कृष्णा कुमार, प्रिंस कुमार, सरजीत कुमार, सांविका, शुभम रानी, अनुप्रिया आदि शामिल थे, जबकि राहत व बचाव दल में संचित कुमार, राहुल कुमार और अन्य स्वयंसेवक सक्रिय रूप से भाग लिए।
परियोजना पदाधिकारी श्रीमती भावना ने स्वयंसेवकों को युवा आपदा मित्र से संबंधित जानकारी दी और प्रशिक्षण के दौरान मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी साझा की।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 7 जनवरी से शुरू हुआ है और 13 जनवरी तक चलेगा, जिसमें स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्य, प्राथमिक चिकित्सा और टीम समन्वय के कौशल सिखाए जा रहे हैं।