बिहार दिवस समारोह का दूसरा दिन सांस्कृतिक रंग में सराबोर, प्रस्तुतियों ने मोहा मन

  • Post By Admin on Mar 23 2026
बिहार दिवस समारोह का दूसरा दिन सांस्कृतिक रंग में सराबोर, प्रस्तुतियों ने मोहा मन

लखीसराय : बिहार दिवस 2026 समारोह के दूसरे दिन सोमवार को नगर भवन, लखीसराय में विविध सांस्कृतिक और बौद्धिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों और कलाकारों ने नृत्य, गीत और नाटकों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में पारंपरिक और आधुनिक कला का सुंदर समन्वय देखने को मिला। विशेष रूप से लोक संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं, जिसने बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।

इस अवसर पर विभिन्न बौद्धिक और साहित्यिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इनमें समूह लोक वाद-विवाद प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता और कविता लेखन प्रतियोगिता प्रमुख थीं। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों की अभिव्यक्ति, तर्कशक्ति और रचनात्मक लेखन ने निर्णायकों तथा दर्शकों को काफी प्रभावित किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जिला पदाधिकारी मिथलेश मिश्र द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन हुआ और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली।

बिहार दिवस 2026 के इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, विद्यार्थी, शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन की भव्यता में चार चांद लगाए।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, वरीय उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।