बिहार दिवस पर लखीसराय में उद्यमी संवाद का आयोजन, उद्यमिता बढ़ाने पर जोर

  • Post By Admin on Mar 23 2026
बिहार दिवस पर लखीसराय में उद्यमी संवाद का आयोजन, उद्यमिता बढ़ाने पर जोर

लखीसराय : बिहार दिवस-2026 के अवसर पर सोमवार को नगर भवन, लखीसराय में जिला प्रशासन की ओर से “उद्यमी संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी मिथलेश मिश्र ने की। इसका उद्देश्य जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा वर्तमान एवं भावी उद्यमियों की समस्याओं और सुझावों पर विचार-विमर्श करना था।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने उद्यमियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और उनसे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं, जिससे जिले के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

कार्यक्रम में बिहार उद्यमी संघ के प्रतिनिधि पंकज कुमार और रंजय कुमार ने उद्यमियों के सामने मार्केटिंग और स्टार्टअप से जुड़ी चुनौतियों को रखा। उन्होंने कहा कि नए उद्यमियों के लिए अपने उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराना, ब्रांडिंग करना, डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करना और प्रतिस्पर्धा का सामना करना बड़ी चुनौतियां हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि उद्यमियों को ई-कॉमर्स, सोशल मीडिया मार्केटिंग और नेटवर्किंग पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

एफपीओ बरहिया के अध्यक्ष अभिनव कुमार ने किसानों और छोटे उद्यमियों को एफपीओ (Farmer Producer Organization) के गठन के लाभों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि एफपीओ के माध्यम से किसान और उद्यमी सामूहिक रूप से सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं, बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त कर सकते हैं तथा उत्पादन, प्रोसेसिंग और मार्केटिंग में लागत कम कर सकते हैं।

कार्यक्रम में जिले के कई उद्यमी और भावी उद्यमी भी शामिल हुए, जिन्होंने अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। जिला प्रशासन ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र लखीसराय रुपेश कुमार झा, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।