चैती छठ महापर्व: खरना पूजा के बाद व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू

  • Post By Admin on Mar 23 2026
चैती छठ महापर्व: खरना पूजा के बाद व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू

लखीसराय : चार दिवसीय चैती छठ महापर्व के दूसरे दिन सोमवार को खरना पूजा के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। इस अवसर पर छठ व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान के साथ खरना की पूजा-अर्चना की और भगवान सूर्य को खीर का भोग अर्पित किया।

दिनभर उपवास रखने के बाद शाम में व्रतियों ने गुड़, चीनी और चावल से बनी खीर तैयार कर भगवान को अर्पित किया। इसके बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार के सदस्यों को भी प्रसाद खिलाया। खरना के प्रसाद के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास आरंभ हो गया, जो बुधवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद समाप्त होगा।

इस बार मौसम में लगातार नमी और हल्की ठंडक रहने के कारण छठ व्रतियों को काफी राहत महसूस हो रही है। सामान्यतः गर्मी के कारण व्रतियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, लेकिन अनुकूल मौसम के चलते श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

छठ पर्व को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालु नदी, तालाब और पोखर की सफाई के साथ अपने घरों में भी आर्टिफिशियल घाट तैयार कर रहे हैं। घाटों को सजाने और रोशनी की व्यवस्था करने में लोग जुटे हुए हैं।

पूरे क्षेत्र में छठ महापर्व को लेकर भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। मंगलवार को श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि बुधवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा।