मुजफ्फरपुर : आरडीएस कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह में सीनेट सदस्य चुने जाने पर डॉ संजय कुमार सुमन ने अपनी जीत के लिए विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी कॉलेजों के शिक्षकों और शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने जो विश्वास उन पर जताया है, उसे वे कभी टूटने नहीं देंगे। उन्होंने सीनेट चुनाव को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए कुलपति, कुलसचिव और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी धन्यवाद किया।

डॉ. सुमन ने आरडीएस कॉलेज के शिक्षकों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके सहयोग और समर्थन से ही उन्हें यह जीत हासिल हुई है। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षकों की समस्याएं जैसे समय पर वेतन, प्रमोशन, महिला शिक्षकों की चुनौतियाँ और अन्य सेवा लाभों के लिए संघर्ष करने की आवश्यकता है। अतिथि प्राध्यापकों की समस्याओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी और सभी को एकजुट होकर इन मुद्दों पर कार्य करने की जरूरत है।

उन्होंने छात्रों के हितों के लिए भी संघर्ष करने की प्रतिबद्धता जताई और शिक्षक संघ को मजबूत बनाने पर जोर दिया, क्योंकि संघ ही शिक्षक संघर्षों को सफलतापूर्वक अंजाम तक पहुंचाने में सक्षम है। साथ ही, विश्वविद्यालय की स्वायत्तता की रक्षा के महत्व पर भी बल दिया।

आरडीएस कॉलेज की प्राचार्य, डॉ. अनिता सिंह ने डॉ. संजय सुमन को सीनेट सदस्य चुने जाने पर सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी जीत से पूरा कॉलेज गर्व महसूस कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉ. सुमन शिक्षक हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करेंगे और उनकी आवाज को बुलंद करेंगे।

समारोह में कई शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी डॉ. संजय सुमन के सम्मान में अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर डॉ. रमेश प्रसाद गुप्ता, डॉ. नीलिमा झा, डॉ. सत्येंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. रजवी, डॉ. आर एन ओझा और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सभी ने डॉ. सुमन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनकी जीत पर खुशी व्यक्त की।