लखीसराय : जिले के हलसी प्रखंड अंतर्गत प्रतापपुर गांव को आदर्श ग्राम बनाने की पहल के तहत आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय और बौद्ध विहार प्रतिष्ठान के संयुक्त निर्देशन में आयोजित इस शिविर में सैकड़ों महिला एवं पुरुष ग्रामीणों ने भाग लिया। समापन के अवसर पर ग्रामीणों ने नियमित योगाभ्यास अपनाकर स्वयं, परिवार और पूरे गांव को स्वस्थ बनाने का संकल्प लिया।

शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम एवं सचिव विद्यानंद सागर तथा बौद्ध विहार प्रतिष्ठान के निदेशक विश्वनाथ प्रसाद और नाथ अमिताभ के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विद्यानंद सागर ने कहा कि जब तक व्यक्ति स्वयं स्वस्थ नहीं होगा, तब तक आदर्श ग्राम की कल्पना अधूरी रहेगी। स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ परिवार और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। वहीं, बौद्ध विहार प्रतिष्ठान के नाथ अमिताभ ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पहले स्वयं स्वस्थ रहने, फिर अपने परिवार और पूरे गांव को स्वस्थ बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने प्रतापपुर को आदर्श ग्राम बनाने की दिशा में प्रतिष्ठान की ओर से हरसंभव सहयोग देने की बात कही।

तीनों दिनों तक योग प्रशिक्षक ज्वाला ने ग्रामीणों को योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से आत्मशक्ति, जनशक्ति, धनशक्ति और राष्ट्रशक्ति को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से नियमित रूप से योगाभ्यास करने की अपील की। शिविर के आयोजन और संचालन को सफल बनाने में गांव के समाजसेवी भुवनेश्वर पंडित, मनोज कुमार, पिंटू कुमार, महेंद्र महतो, सन्नी कुमार और छोटू कुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। शिविर में परमिला देवी, गुड़िया देवी, सोनू कुमार, शशिभूषण कुमार, नरेश प्रसाद, जानकी पंडित, कृष्णदेव यादव, भरत यादव और गणेश कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, जागरूक और सशक्त प्रतापपुर के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।