चेन्नई में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 71.24 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। अधिकारियों के मुताबिक, यह खेप समुद्री रास्ते से श्रीलंका भेजे जाने की तैयारी में थी। इस मामले में दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, DRI को चेन्नई से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की आवाजाही के बारे में खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद अधिकारियों ने शहर में निगरानी शुरू की। 17 और 18 नवंबर के बीच चलाए गए समन्वित अभियान में एक संदिग्ध वाहन और उसके साथ चल रहे दोपहिया वाहन को रोका गया। वाहन की तलाशी के दौरान 69 पैकेट बरामद हुए, जिनमें ऑफ-व्हाइट रंग का पाउडर था। जांच में इसका कुल वजन 71.24 किलोग्राम पाया गया। दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खेप को चेन्नई से ट्रांजिट पॉइंट बनाकर तिरुचिरापल्ली के रास्ते समुद्री मार्ग से श्रीलंका भेजने की योजना थी।

दोनों आरोपितों के खिलाफ NDPS अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एजेंसियां अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की जांच कर रही हैं।

•खबर में दी गई तस्वीर सांकेतिक है।