पटना : शुक्रवार को पटना स्थित बिहार राज्य मत्स्यजीव सहकारी संघ लिमिटेड कार्यालय में गंगा मुक्ति आंदोलन और मत्स्यजीवी संघ के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता बिहार राज्य मत्स्यजीव सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष प्रयाग सहनी ने की।
बैठक में नदियों पर बन रहे बांधों से होने वाले जान-माल की क्षति, बाढ़ की समस्या और विशेष रूप से फरक्का बांध के कारण गंगा सहित अन्य नदियों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। गाद की समस्या के साथ-साथ यह भी बताया गया कि 67 प्रकार की मछलियों की प्रजातियाँ विलुप्त हो चुकी हैं और मछलियों के उत्पादन में 80 प्रतिशत की कमी आई है।
बैठक में लोगों ने कहा कि 50 साल पहले नदियों पर कोई बांध नहीं था, तब नदियां अविरल और निर्मल बहती थीं, न गाद जमा होती थी और न ही बाढ़ की समस्या होती थी। सरकार की गलत नीतियों के कारण आज बिहार की जनता बाढ़ और सुखाड़ की समस्या से जूझ रही है।
बैठक के दौरान बिहार राज्य मत्स्यजीव सहकारी संघ और गंगा मुक्ति आंदोलन ने मिलकर इस समस्या के समाधान के लिए एकजुट होकर काम करने का निर्णय लिया। बैठक में प्रमुख रूप से बिहार राज्य मत्स्यजीव सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष प्रयाग सहनी, प्रबंध निदेशक ऋषिकेश कश्यप, गंगा मुक्ति आंदोलन के केंद्रीय टीम के पर्यावरणविद और सामाजिक चिंतक अनिल प्रकाश और कोर टीम के सदस्य कृष्णा प्रसाद, राजाराम सहनी, सुनील सरला और नरेश सहनी शामिल थे।




















