शेखपुरा : जमालपुर-गया पैसेंजर ट्रेन से उतरने के दौरान गुरुवार को एक बुजुर्ग महिला यात्री शेखपुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर गिरकर घायल हो गईं। कमर में चोट लगने के कारण वह उठने में असमर्थ थीं। रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें व्हीलचेयर से प्लेटफॉर्म के बाहर निकाला और सदर अस्पताल शेखपुरा पहुंचाकर भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर को गाड़ी संख्या 63387 जमालपुर-गया पैसेंजर दिन के 11:46 बजे शेखपुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर पहुंची थी। इसी दौरान ट्रेन से उतरते समय करीब 70 वर्षीय कुंती देवी प्लेटफॉर्म पर गिर गईं। हादसे में उनकी कमर में चोट आई और वह उठने की स्थिति में नहीं थीं।
घायल महिला की पहचान शेखपुरा जिले के हथियाना थाना क्षेत्र के कमता गांव निवासी स्वर्गीय सिद्धेश्वर सिंह की पत्नी कुंती देवी के रूप में हुई। उनके साथ उनका करीब 14 वर्षीय नाती भी मौजूद था। घटना की सूचना परिजनों को भी दी गई।
शेखपुरा में कैंपिंग ड्यूटी पर तैनात आरक्षी रवि शंकर ने जीआरपी के सिपाही जितेंद्र कुमार और अन्य कर्मियों के सहयोग से महिला को व्हीलचेयर के जरिए प्लेटफॉर्म से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सदर अस्पताल शेखपुरा ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर महिला की बेटी प्रतिमा देवी भी सदर अस्पताल पहुंचीं। रेलवे कर्मियों की तत्परता से घायल महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।



















