लखीसराय : जिले में राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने और लंबित नीलाम पत्रवाद के मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने गुरुवार को समीक्षा बैठक की। समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित बैठक में आंतरिक संसाधन एवं नीलाम पत्रवाद से संबंधित कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों को निर्धारित राजस्व वसूली का लक्ष्य तय समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभागवार राजस्व संग्रहण की नियमित समीक्षा की जाए और लक्ष्य के अनुरूप राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित की जाए। नीलाम पत्रवाद की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को प्रत्येक शनिवार को अपराह्न 3 बजे से 4 बजे तक इन मामलों की सुनवाई और समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने तथा अक्टूबर माह से संबंधित लंबित प्रतिवेदन शीघ्र पूरा कर उपलब्ध कराने को कहा।

लंबित नीलाम पत्रवाद के मामलों में तेजी लाने और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने प्रत्येक माह एक दिन 'नीलाम पत्र दिवस' आयोजित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामलों के निष्पादन में गंभीरता बरतने और नियमित रूप से प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार, प्रभारी पदाधिकारी विकास शाखा, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।