लखीसराय : आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के सचिव विद्यानंद सागर ने जिले के विभिन्न थानों के थानाध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक सचिव के प्रकोष्ठ में आयोजित हुई, जिसमें लोक अदालत से संबंधित मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया और पक्षकारों तक नोटिस पहुंचाने की व्यवस्था पर चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि विभिन्न न्यायालयों की ओर से राष्ट्रीय लोक अदालत में सुनवाई के लिए मामलों के अभिलेख चिह्नित किए जा रहे हैं। चिह्नित मामलों के पक्षकारों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्री-लिटिगेशन मामलों में भी संबंधित पक्षकारों को नोटिस भेजे जा रहे हैं।
सचिव विद्यानंद सागर ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि जारी किए गए नोटिसों का निर्धारित समय पर तामिला सुनिश्चित करें। साथ ही नोटिस तामिला से संबंधित प्रतिवेदन भी समय पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय में जमा कराएं, ताकि लोक अदालत की तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जा सके। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों के बीच राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक पक्षकारों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से सुलह योग्य मामलों का निपटारा किया जाता है। इसके लिए पक्षकारों को समय पर सूचना देना और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
















