लखीसराय में DLSA की बड़ी पहल : कल से 16 पंचायत भवनों में शुरू होगी मुफ्त कानूनी सहायता
- Post By Admin on Aug 06 2026
लखीसराय : आम लोगों तक आसानी से कानूनी मदद पहुंचाने के उद्देश्य से लखीसराय जिले की पंचायतों में 07 अगस्त 2026 से 'लीगल एड क्लीनिक' की शुरुआत हो रही है। इस व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के सचिव विद्यानंद सागर की अध्यक्षता में जिले के सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की गई।
बैठक में सचिव विद्यानंद सागर ने बताया कि इन क्लीनिकों का मुख्य उद्देश्य हर ग्रामीण तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना, लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है। इन केंद्रों पर जरूरतमंद लोगों को बिल्कुल मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं बैठक में मौजूद सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों ने क्लीनिक के बेहतर संचालन के लिए हर संभव प्रशासनिक सहयोग और जरूरी सुविधाएं देने का भरोसा दिलाया।
प्रशासन की ओर से पूरे जिले में कुल 16 पंचायत समूह बनाए गए हैं, जहां प्रत्येक समूह में एक पैरा लीगल वालंटियर (PLB) की तैनाती की गई है। बैठक के दौरान इन वालंटियरों को कार्य संचालन के लिए रजिस्टर, बैनर और आवश्यक निर्देश सौंप दिए गए।
कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक ये लीगल एड क्लीनिक जिले के विभिन्न प्रखंडों के चिन्हित पंचायत भवनों में कार्य करेंगे। इनमें बड़हिया प्रखंड के डुमरी व गंगासराय, पिपरिया के सैदपुरा, चानन के लाखोचक व संग्रामपुर, तथा रामगढ़ चौक प्रखंड के शर्मा व तेतरहाट पंचायत भवन शामिल हैं। इसके अलावा लखीसराय प्रखंड के साबिकपुर, महिसोना व बालगुदर, सूर्यगढ़ा प्रखंड के सलेमपुर पूर्वी, चौरा राजपुर व अरमा, और हलसी प्रखंड के कैदी, धीरा व मोहद्दीनगर पंचायत भवनों में भी ये क्लीनिक संचालित होंगे। इन मुख्य केंद्रों से आसपास की अन्य पंचायतों को भी जोड़ा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को गांव में ही न्याय और कानूनी सलाह मिल सके।