सोनिया गांधी की तबीयत में सुधार, सर गंगाराम अस्पताल से हुईं डिस्चार्ज
- Post By Admin on Jun 19 2025

नई दिल्ली : कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी को गुरुवार को सर गंगाराम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पेट संबंधी समस्या के कारण रविवार रात उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की देखरेख में इलाज के बाद उनकी तबीयत में सुधार हुआ और अब उन्हें विशेष निगरानी के साथ घर पर आराम की सलाह दी गई है।
गुरुवार दोपहर डिस्चार्ज के समय खुद राहुल गांधी अस्पताल पहुंचे और मां को घर ले गए। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सोनिया गांधी की हालत अब पूरी तरह स्थिर है और उन्हें स्पेशल डाइट प्लान पर रखा गया है।
स्पेशल मेडिकल टीम रखे हुए थी निगरानी
गंगाराम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि सोनिया गांधी के इलाज में गैस्ट्रोइंटेरोलॉजी सर्जरी विभाग के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. समीरन नंदी, डॉ. एस. नंदी और डॉ. अमिताभ यादव की टीम लगातार निगरानी में जुटी रही। इलाज के दौरान उन्हें विशेष आहार योजना पर रखा गया ताकि उनकी पाचन प्रणाली पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।
इस साल दूसरी बार अस्पताल में भर्ती
78 वर्षीय सोनिया गांधी को उम्र संबंधी समस्याओं के चलते पहले भी कई बार अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। इसी वर्ष फरवरी में भी उन्हें गंगाराम अस्पताल में भर्ती किया गया था। तबीयत बिगड़ने के बाद से वह संसद में भी कम ही नजर आ रही थीं। उन्हें आखिरी बार 13 फरवरी को संसद भवन में देखा गया था।
राजनीतिक सक्रियता पर फिलहाल विराम
हालांकि सोनिया गांधी अब राज्यसभा सदस्य के रूप में सक्रिय हैं, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से पिछले कुछ समय से वह सार्वजनिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में सीमित रूप से ही भाग ले रही हैं। फिलहाल डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उन्हें पूर्ण आराम की जरूरत है।
सोनिया गांधी के स्वस्थ होने की खबर ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को राहत दी है। राहुल गांधी के अस्पताल पहुंचने और मां को घर ले जाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। कांग्रेस पार्टी की ओर से भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई है। डॉक्टरों की सलाह के अनुसार अब कुछ दिन तक उन्हें घर पर विशेष निगरानी में रखा जाएगा।