ट्रैफिक जाम से राहत की तैयारी, गोबरसही आरओबी और इमली रोड चौड़ीकरण का शुभारंभ

  • Post By Admin on Aug 06 2026
ट्रैफिक जाम से राहत की तैयारी, गोबरसही आरओबी और इमली रोड चौड़ीकरण का शुभारंभ

मुजफ्फरपुर: शहर की वर्षों पुरानी ट्रैफिक समस्या के समाधान की दिशा में बुधवार को कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को गति मिली। पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने मिठनपुरा से बेला इमली चौक तक सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण योजना तथा गोबरसही रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि रामदयालु से चांदनी चौक तक प्रस्तावित सिक्स लेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में आधारभूत संरचना के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है और मुजफ्फरपुर में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। सरकार का लक्ष्य सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना है।

मिठनपुरा से बेला इमली चौक तक लगभग 1.30 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण, मजबूतीकरण एवं नाला निर्माण करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। नगर विधायक रंजन कुमार ने बताया कि इस परियोजना को दस महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं गोबरसही रेलवे गुमटी पर लगभग 167 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार मिट्टी की जांच और पाइल टेस्ट का कार्य पूरा हो चुका है तथा पाइलिंग का काम शुरू कर दिया गया है। आरओबी बनने के बाद रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से हजारों लोगों को राहत मिलेगी।

नगर विधायक ने बताया कि रामदयालु-चांदनी चौक सिक्स लेन सड़क परियोजना को भी स्वीकृति मिल चुकी है और उसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके अलावा साईं मंदिर से पीएनटी चौक, शक्तिनाथ मंदिर होते हुए मालीघाट नाका तक सड़क निर्माण का शिलान्यास अगले दो महीनों में किया जाएगा। वहीं काजी मोहम्मदपुर थाना से चंद्रलोक चौक, सिकंदरपुर पुल से चंदवारा पुल तक सड़क को टू-लेन बनाने तथा रामबाग चौक से बहलखाना होते हुए प्रभात सिनेमा तक सड़क निर्माण की योजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, यात्रा समय कम करने और बढ़ते ट्रैफिक दबाव से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।