पटना में फायरिंग के बाद भीड़ का हिंसक रूप, एक संदिग्ध की मौत, दूसरा घायल
- Post By Admin on Aug 06 2026
पटना: राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ क्षेत्र में फायरिंग की घटना के बाद भीड़ हिंसा का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, गोलीबारी की घटना को अंजाम देकर भाग रहे तीन संदिग्धों में से दो को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। इस दौरान हुई मारपीट में एक संदिग्ध की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फुलवारीशरीफ के लक्ष्मीचक गांव में मंगलवार देर रात जमीन विवाद को लेकर सुरेश सिंह उर्फ मास्टर पर तीन लोगों ने कथित रूप से ताबड़तोड़ फायरिंग की। हालांकि, इस गोलीबारी में वह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद हमलावर भागने लगे, जिनमें से दो को परसा बाजार थाना क्षेत्र के धमौल गांव के समीप ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर परसा बाजार और गौरीचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल 28 वर्षीय सुरेश कुमार की इलाज के दौरान पीएमसीएच में मौत हो गई, जबकि 22 वर्षीय विवेक कुमार का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पटना सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस को लक्ष्मीचक गांव में फायरिंग की सूचना मिली थी। जांच के दौरान जानकारी मिली कि हमलावर धमौल गांव की ओर भागे हैं। पुलिस जब वहां पहुंची तो दो संदिग्ध ग्रामीणों के कब्जे में मिले, जबकि तीसरा फरार हो चुका था।
घटनास्थल से पुलिस ने दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बरामद बाइक फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे जमीन विवाद की आशंका सामने आई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही भीड़ हिंसा के मामले में भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।