राष्ट्रसेवा और अनुशासन की परीक्षा, पूर्व गणतंत्र दिवस परेड के लिए एनएसएस चयन शिविर

  • Post By Admin on Sep 26 2026
राष्ट्रसेवा और अनुशासन की परीक्षा, पूर्व गणतंत्र दिवस परेड के लिए एनएसएस चयन शिविर

मुजफ्फरपुर : राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर-2026 के लिए विश्वविद्यालय स्तरीय चयन शिविर का आयोजन तिरहुत कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन, झपहां में किया गया। प्रस्तावित पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर का आयोजन 21 से 30 अक्टूबर 2026 तक भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा, उत्तर प्रदेश में किया जाएगा। विश्वविद्यालय स्तरीय चयन शिविर में विभिन्न महाविद्यालयों से करीब 80 एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. अनुराधा पाठक उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासन, शारीरिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना एनएसएस की प्रमुख विशेषताएं हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों से चयन प्रक्रिया में पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लेने का आह्वान किया।

चयन प्रक्रिया के लिए गठित विश्वविद्यालय की पांच सदस्यीय चयन समिति ने प्रतिभागियों का विभिन्न निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया। इसमें शारीरिक दक्षता, परेड कौशल, सांस्कृतिक प्रस्तुति, अनुशासन, व्यक्तित्व सहित अन्य योग्यताओं को शामिल किया गया। चयनित स्वयंसेवक आगामी पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर-2026 में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।विश्वविद्यालय स्तरीय चयन प्रक्रिया में सफल स्वयंसेवक आगामी 29 सितंबर 2026 को राज्य स्तरीय चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए ए.एन. कॉलेज, पटना जाएंगे। इसके लिए चयनित स्वयंसेवकों को आवश्यक तैयारी और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

आयोजन की मेजबानी तिरहुत कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन की ओर से की गई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शक्तिवान सिंह ने अतिथियों, चयन समिति के सदस्यों और विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने चयन शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी सह जिला नोडल पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर, प्रो. रंजन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने चयन प्रक्रिया के दौरान व्यवस्थाओं का समन्वय किया और प्रतिभागी स्वयंसेवकों तथा चयन समिति के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने में सहयोग किया। उनके निर्देशन में शिविर से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया गया।

चयन शिविर में विभिन्न महाविद्यालयों के एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की। इनमें एलएनडी कॉलेज के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रविरंजन सिंह, आरएसएस महिला कॉलेज की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. आरती पाण्डेय, एलएनटी कॉलेज के डॉ. संतोष कुमार और एसएनएस कॉलेज के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार शामिल रहे। इसके अलावा बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक इकाई के अध्यक्ष प्रो. इन्दुधर झा तथा राजकीय डिग्री कॉलेज, औराई के प्राचार्य सह एनसीसी अधिकारी डॉ. रमेश विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे।

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति ने अपने शुभकामना संदेश में चयन प्रक्रिया में शामिल सभी स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना को शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए कहा कि राष्ट्रसेवा सबसे बड़ा धर्म है। एनएसएस स्वयंसेवकों की निस्वार्थ सेवा और समाज के प्रति समर्पण प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी और सेवा भावना से विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय एवं विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक, एनएसएस पदाधिकारी, चयन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।