राष्ट्रीय युवा योजना की राष्ट्रीय बैठक संपन्न, मुजफ्फरपुर के तीन प्रतिनिधि हुए सम्मानित

  • Post By Admin on Jun 12 2026
राष्ट्रीय युवा योजना की राष्ट्रीय बैठक संपन्न, मुजफ्फरपुर के तीन प्रतिनिधि हुए सम्मानित

सागर : राष्ट्रीय युवा योजना के राष्ट्रीय वरिष्ठ समन्वयकों की दो दिवसीय बैठक 30 एवं 31 मई 2026 को मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में आयोजित की गई। बैठक में देश के 20 राज्यों से आए करीब 50 प्रतिनिधियों ने भाग लिया और संगठन के विस्तार तथा भावी कार्यक्रमों को लेकर व्यापक चर्चा की।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय युवा योजना को और अधिक सुदृढ़ बनाने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा संगठन के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. एस. एन. सुब्बाराव ‘भाई जी’ के विचारों और मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की कार्यवाही का अवलोकन राष्ट्रीय युवा योजना के वरिष्ठ साथी श्री हनुमान नायेर शर्मा तथा देश के प्रख्यात गांधीवादी चिंतक एवं जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए लंबे समय से संघर्षरत श्री पी. वी. राजगोपाल ने किया। दोनों वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने युवाओं को समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान विभिन्न राज्यों में उत्कृष्ट सामाजिक कार्य करने वाले प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया। इस क्रम में मुजफ्फरपुर के सामाजिक संगठन ‘प्रयत्न’ के संस्थापक एवं राष्ट्रीय युवा योजना के वरिष्ठ साथी प्रभात कुमार को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए श्री पी. वी. राजगोपाल द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय युवा योजना, मुजफ्फरपुर से जुड़े श्री मुकेश चंद्र और श्री केशव पांडे को भी उनके सामाजिक एवं संगठनात्मक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का सफल समन्वय मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र के डीएसपी श्री प्रदीप वाल्मीकि ने किया। बैठक का समापन संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने के संकल्प के साथ हुआ।