प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर की तैयारी तेज, डीएम ने की समीक्षा

  • Post By Admin on Jun 12 2026
प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर की तैयारी तेज, डीएम ने की समीक्षा

लखीसराय : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार 17 एवं 18 जून 2026 को आयोजित होने वाले प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर के सफल संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शिविर की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने और शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि शिविर के दौरान आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) लिंकेज, पीएम स्वनिधि, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजनाएं, निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं से संबंधित आवेदन, सत्यापन एवं लाभ वितरण की प्रक्रिया संचालित की जाएगी।

डीएम ने निर्देश दिया कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित किए जाएं तथा प्रत्येक काउंटर पर नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिविर स्थल पर हेल्प डेस्क, प्रशिक्षित कर्मियों एवं स्वयंसेवकों की उपलब्धता, मेडिकल स्टॉल, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने सभी प्रखंडों में शिविर स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा लाभुकों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी पहले से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि अधिकाधिक लोग योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक प्रखंड में वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, जो शिविर के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। ऑनलाइन प्रगति प्रतिवेदन, विभागीय समन्वय तथा प्राप्त आवेदनों एवं लाभुकों की संख्या के नियमित संधारण पर भी चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभू नाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) वंदना पाण्डेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।