डॉ. सुब्बाराव की पुण्यतिथि पर जुटे 15 राज्यों के 232 युवा, राष्ट्रीय एकता का लिया संकल्प
- Post By Admin on Oct 29 2026
रायसेन : गांधीवादी विचारक डॉ. एस.एन. सुब्बाराव ‘भाई जी’ की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर मध्य प्रदेश के रायसेन स्थित रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय एकता युवा शांति शिविर संपन्न हो गया। राष्ट्रीय युवा योजना और नेशनल सीनियर कोऑर्डिनेटर्स फोरम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में 15 राज्यों के 232 युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय एकता, सांप्रदायिक सद्भाव, शांति और सामाजिक सहयोग के विचारों से जोड़ने का प्रयास किया गया।
शिविर का उद्घाटन 25 अक्टूबर को विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार संगीता जोहरी और मध्य प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक ऋषि शुक्ला ने किया। शिविर के दौरान भाई जी की ओर से स्थापित परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें युवा गीत, व्यायाम, ध्वज वंदन, सर्वधर्म प्रार्थना, श्रमदान, भाषा कक्षाएं, ‘भारत की संतान’ कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहीं।
पुण्यतिथि समारोह की पूर्व संध्या पर 26 अक्टूबर को भोपाल स्थित गांधी भवन में ‘भारत की संतान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पूर्व पुलिस महानिदेशक अनुराधा शंकर और स्थानीय सांसद दर्शन चौधरी अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता और विविधता में एकता के संदेश को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। शिविर का मुख्य समारोह 27 अक्टूबर को रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित हुआ। इसमें विश्वविद्यालय की प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चौधरी और पूर्व पुलिस महानिदेशक अनुराधा शंकर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुब्बाराव के विचारों, उनके सामाजिक योगदान और युवाओं को एकता तथा शांति के मार्ग पर आगे बढ़ाने के प्रयासों को याद किया गया।
शिविर के आयोजन और संचालन में देश के विभिन्न राज्यों से आए कार्यकर्ताओं तथा विश्वविद्यालय के सदस्यों ने सहयोग दिया। महाराष्ट्र के नरेंद्र भाई, छत्तीसगढ़ के विनय गुप्ता, कर्नाटक की एस. प्यारी जान, हरियाणा की आशा बहन, नेशनल सीनियर कोऑर्डिनेटर्स फोरम के अध्यक्ष प्रचंड जायसवाल, महासचिव विकास सिंह और शिविर संयोजक पंकज झाला की भूमिका महत्वपूर्ण रही। इसके अलावा बिहार के प्रभात कुमार, मुकेश चंद्र झा और प्रभु नारायण झा, राजस्थान के हनुमान सहाय शर्मा तथा विश्वविद्यालय की प्रो. रेखा गुप्ता, प्रो. गब्बर सिंह और धर्मेंद्र भाई ने भी आयोजन में योगदान दिया। विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने भी शिविर की गतिविधियों को सफल बनाने में सहयोग किया।
समापन अवसर पर आयोजकों और प्रतिभागियों ने डॉ. एस.एन. सुब्बाराव ‘भाई जी’ के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रीय एकता, सांप्रदायिक सद्भाव और शांति की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। शिविर के माध्यम से युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने, आपसी सहयोग बढ़ाने और देश की विविधता का सम्मान करने का संदेश दिया गया।