मुजफ्फरपुर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले भाजपा के सेवा पखवाड़ा के तहत, शुक्रवार को जिला भाजपा महिला मोर्चा द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाध्यक्ष राशी खत्री के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर छात्राओं के बीच सदस्यता अभियान चलाया गया और वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष राशी खत्री ने कहा कि अभियान के तहत बालिग छात्राओं को भाजपा से जोड़ा गया, ताकि वे पार्टी के साथ मिलकर देश सेवा कर सकें। उन्होंने वृक्षारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण पर बल दिया और कहा कि पेड़ों की आवश्यकता पर्यावरण को शुद्ध रखने के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण है। भाजपा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का हिस्सा बनकर वे गौरवान्वित महसूस कर रही हैं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने सदस्यता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि भाजपा आज न केवल भारत का गौरव है, बल्कि देश के लोगों के दिलों में भी बसती है। भाजपा के प्रति समर्पण भाव से देश के विकास और सामाजिक उत्थान के कार्यों ने इसे दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना दिया है। बिहार में एक करोड़ नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य आसानी से पूरा किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में डॉ. रागनी रानी, ममता कुमारी, गुड़िया मेहता, कोमल कुमारी, सिमा देवी, सोनी देवी, रूपा कुमारी, रेनू देवी और अन्य कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।