मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक और सफल कार्रवाई करते हुए शनिवार को 14 लोगों के गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें वापस सौंपा। एएसपी टाउन भानु प्रताप सिंह के कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में जिनके मोबाइल पिछले 6 महीनों के दौरान खो गए थे, उन्हें पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत अब तक सैकड़ों लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस किए जा चुके हैं। इस अभियान का उद्देश्य गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को खोजकर उनके असली मालिकों को सौंपना है। मोबाइल मिलने पर लोगों ने एएसपी टाउन भानु प्रताप सिंह और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।

एएसपी टाउन ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों में मोबाइल गुम या चोरी होने की शिकायतें दर्ज की गई थीं, जिन पर जिला आसूचना इकाई की टीम ने लगातार काम किया। पिछले 6 महीनों में पुलिस ने 14 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिन्हें उनके असली मालिकों को सौंप दिया गया है। पुलिस की इस पहल से शहरवासियों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है।