मुजफ्फरपुर में आपूर्ति एवं धान अधिप्राप्ति की बैठक, जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश

  • Post By Admin on Jun 19 2024
मुजफ्फरपुर में आपूर्ति एवं धान अधिप्राप्ति की बैठक, जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश

मुजफ्फरपुर : जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आपूर्ति एवं धान अधिप्राप्ति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय और निर्देश दिए गए।

श्रम विभाग द्वारा प्रवासी मजदूरों की सूची उपलब्ध कराई गई थी, जिनके रशन कार्ड निर्गत किए जाने थे। बैठक में बताया गया कि इस कार्य का 96 प्रतिशत पूरा हो चुका है। ई.के.वाईसी. की समीक्षा के दौरान 94 प्रतिशत कार्य पूरा पाया गया। जिलाधिकारी ने इस कार्य को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

खाद्यान्न के उठाव की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत उठाव और पूर्ण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य ट्रांसपोर्टर और डी.एस.डी. ट्रांसपोर्टर को एकरारनामा के अनुसार वाहन रखने के लिए कहा गया, ताकि लिफ्टिंग और उठाव का कार्य तेजी से हो सके।

जिलाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल आपूर्ति पदाधिकारी, और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को पी.डी.एस. डीलरों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

लोक शिकायत, मुख्यमंत्री जनता दरबार, और अन्य श्रोत से प्राप्त परिवाद पत्रों का शीघ्र निष्पादन करने के निर्देश भी जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।

धान अधिप्राप्ति की समीक्षा में पाया गया कि 10 पैक्स ने शून्य सी.एम.आर. (कमॉडिटी मैनेजमेंट रिपोर्ट) दिया है। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारियों को इन पैक्स की जांच कर दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए। जिला सहकारिता पदाधिकारी को भी शून्य सी.एम.आर. देने वाली समितियों पर सर्टिफिकेट केस दर्ज करने का निर्देश दिया गया। एक सप्ताह के भीतर अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए।

शून्य सी.एम.आर. आपूर्ति करने वाले पैक्स निम्नलिखित हैं:

बरियारपुर उत्तरी पैक्स, मोतीपुर, महिमा गोपीनाथपुर पैक्स, मोतीपुर, किशनुपर मोहिनी पैक्स, कुढ़नी, कुढ़नी पैक्स, कुढ़नी, पकड़ी पकोही पैक्स, मड़वन, बेलाही लच्छी पैक्स, मीनापुर, प्रहलादपुर पैक्स, मुशहरी, बैजलपुर पैक्स, पारू पहाड़पुर मनोरथ पैक्स, साहेबगंज व नरगी जीवनाथ पैक्स, सरैया ।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रभात कुमार, राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक सुभाष कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी ललन कुमार शर्मा और सभी प्रखंडों के सहायक गोदाम प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।