विश्व स्तनपान जागरूकता अभियान : आंगनबाड़ी केंद्र पर जुटीं महिलाएं, कुपोषण मिटाने का लिया संकल्प
- Post By Admin on Aug 06 2026
लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के अवसर पर बड़हिया प्रखंड के प्रतापुर गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-30 पर 'सखी वार्ता' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने उपस्थित माताओं और महिलाओं को स्तनपान के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि नवजात शिशु को जन्म के एक घंटे के भीतर मां का पहला गाढ़ा दूध अवश्य पिलाना चाहिए। इसके अलावा, पहले छह महीने तक केवल स्तनपान और दो वर्ष या उससे अधिक समय तक ऊपरी पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखना जरूरी है। यह शिशु के संपूर्ण शारीरिक व मानसिक विकास के साथ माताओं के स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी है।
कुपोषण रोकथाम और बाल विवाह पर चर्चा
पोषण मिशन के जिला परियोजना सहायक सौरभ कुमार ने माताओं को कुपोषण की रोकथाम, संतुलित आहार और शिशुओं की सही देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए। वहीं लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार ने कहा कि इस तरह की चौपाल और वार्ता का मुख्य उद्देश्य समुदाय में स्तनपान को लेकर जागरूकता बढ़ाना और मां-बच्चे के पोषण स्तर में सुधार लाना है।
कार्यक्रम के दौरान लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने महिलाओं को आपातकालीन सेवा के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 181 की जानकारी दी। साथ ही बाल विवाह के कुप्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह रोकथाम के लिए सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर स्थानीय आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका तथा दर्जनों की संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।