महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और एल.पी. शाही की जयंती पर जिला कांग्रेस कार्यालय में अर्पित की गई श्रद्धांजलि
- Post By Admin on Oct 03 2024

मुजफ्फरपुर : तिलक मैदान स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री एल.पी. शाही की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने कहा कि वर्तमान में दुनिया में फैली हिंसा और नफरत के माहौल में महात्मा गांधी की नीतियों की प्रासंगिकता और भी अधिक महसूस की जा रही है।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने हरित क्रांति के जरिए देश को खाद्यान्न में आत्मनिर्भर बनाया। उन्होंने 'जय जवान, जय किसान' का नारा देकर देश को सशक्त और सुरक्षित बनाने का मार्ग दिखाया। उनकी दूरदर्शिता के कारण ही देश ने आधुनिक तकनीक, जैसे परमाणु बम और मंगलयान, के सपने देखे और साकार किए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एल.पी. शाही के योगदान की चर्चा करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि शाही जी ने देशभर में नवोदय विद्यालयों की स्थापना करवाईI जिससे गरीबों के बच्चों को उच्चस्तरीय शिक्षा मिल सके। उनका यह प्रयास आज भी शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हो रहा है।
इस अवसर पर उमेश कुमार राम, जिला प्रवक्ता समीर कुमार, महताब आलम सिद्दीकी, विजय यादव, त्रिभुवन पटेल समेत कई अन्य कांग्रेस नेता भी उपस्थित रहे। सभी ने महापुरुषों के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने की अपील की।