लालू परिवार का बदला ठिकाना, 10 सर्कुलर रोड से रात में शिफ्ट हुआ सामान

  • Post By Admin on Dec 26 2025
लालू परिवार का बदला ठिकाना, 10 सर्कुलर रोड से रात में शिफ्ट हुआ सामान

पटना : बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड आवास को खाली करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। गुरुवार देर रात भी परिसर से पौधों और घरेलू सामान को पिकअप वैन में ले जाते देखा गया, जिससे सियासी गलियारों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव परिवार का सामान चरणबद्ध तरीके से महुआ बाग इलाके में बन रहे नए आवास में शिफ्ट किया जा रहा है। देर रात की गतिविधियों ने इस बात को और बल दिया है कि परिवार जल्द ही पूरी तरह नए ठिकाने पर स्थानांतरित हो सकता है।

गौरतलब है कि 25 नवंबर को बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस जारी किया था। इसके बाद उन्हें हार्डिंग रोड पर 39 नंबर का एक नया सरकारी आवास अलॉट किया गया है, जो बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर उनके पद के अनुरूप दिया गया है।

बताया जाता है कि 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगले को वर्षों पहले परिवार की जरूरतों के अनुसार संशोधित किया गया था। इसमें अतिरिक्त कमरे और राजनीतिक बैठकों के लिए एक कॉन्फ्रेंस हॉल भी बनाया गया था। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी इसी आवास में रहते हैं, जबकि 1 पोलो रोड स्थित बंगले का उपयोग उनके कार्यालय के रूप में किया जाता है, जहां उनके करीबी सहयोगी संजय यादव रहते हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, लालू-राबड़ी परिवार अब धीरे-धीरे महुआ बाग स्थित नए निजी आवास में स्थानांतरित हो रहा है। वहीं हार्डिंग रोड पर अलॉट किया गया सरकारी बंगला मुख्य रूप से आधिकारिक कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि पूर्व मुख्यमंत्रियों को आजीवन सरकारी आवास देने की पुरानी व्यवस्था अब समाप्त हो चुकी है। वर्तमान में सरकारी आवास केवल मौजूदा संवैधानिक या आधिकारिक पद के आधार पर ही अलॉट किए जाते हैं।

करीब दो दशकों तक 10 सर्कुलर रोड में रहने के बाद, लालू प्रसाद यादव परिवार अब निर्धारित प्रक्रिया के तहत यह आवास खाली कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, शिफ्टिंग की प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरी की जा रही है।