‘विकसित भारत की संकल्पना’ पर लखीसराय में प्रतियोगिता, भाषण और चित्रकला में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
- Post By Admin on Oct 05 2026
लखीसराय : समाहरणालय परिसर स्थित गांधी मैदान के खेल भवन में सोमवार को ‘विकसित भारत की संकल्पना’ विषय पर जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिले के सभी आठ शिक्षा अंचलों से प्रथम स्थान हासिल कर चयनित छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समग्र शिक्षा, लखीसराय के संभाग प्रभारी आलोक रंजन और अमित कुमार सिंह की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा सीमा कुमारी, निर्णायक मंडल के मनोज कुमार चौधरी, घनश्याम कुमार और गोविंद कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुई।
भाषण प्रतियोगिता के कक्षा 6 से 8 वर्ग में उत्क्रमित मध्य विद्यालय कन्या, वलीपुर, पिपरिया की तुलसी कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया। मध्य विद्यालय रसूलपुर, सूर्यगढ़ा की वैष्णवी प्रिया दूसरे और उत्क्रमित मध्य विद्यालय जखौर, बड़हिया के आदित्य राज तीसरे स्थान पर रहे। कक्षा 9 से 12 वर्ग में रामनारायण प्लस टू उच्च विद्यालय, शिवसोना की कोमल कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कुमार प्रोग्रेसिव स्कूल, परसावां, रामगढ़ चौक के लवराज ने दूसरा और मेघराय मिश्री प्रसाद प्लस टू उच्च विद्यालय, वलीपुर, पिपरिया की नंदनी कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
चित्रकला प्रतियोगिता के कक्षा 6 से 8 वर्ग में श्रीकृष्ण मध्य विद्यालय, बड़हिया की रिया कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्क्रमित मध्य विद्यालय भंवरिया, रामगढ़ चौक की सोनम कुमारी दूसरे और कन्या मध्य विद्यालय, नरोत्तमपुर कजरा की अंकुश कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं कक्षा 9 से 12 वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता में उच्च विद्यालय, मतासी की नंदनी कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्लस टू उच्च विद्यालय, अमरपुर की दिशु ने द्वितीय और कुमार प्रोग्रेसिव स्कूल, परसावां, रामगढ़ चौक की दुर्गेश्वरी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में सफल रहे सभी छात्र-छात्राओं को उप विकास आयुक्त सुमित कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम ने प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान उप विकास आयुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें प्रभावी भाषण प्रस्तुति के लिए कई उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा को लगातार निखारने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन राजकीय सम्मान प्राप्त शिक्षक पीयूष कुमार झा ने किया। निर्णायक मंडल में रणवीर कुमार, चंदन कुमार, ललन कुमार, मीरा कुमारी और संदेश पटेल सहित अन्य शिक्षक एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।