यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्यवाई, लखीसराय में 31 वाहन चालकों का काटा गया चालान
- Post By Admin on Oct 05 2026
लखीसराय : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग के निर्देश पर सोमवार को विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। डीएवी मोड़ से बाईपास टोल तक चलाए गए इस अभियान में हेलमेट जांच के साथ अन्य यातायात नियमों के पालन की भी पड़ताल की गई।
अभियान के दौरान करीब 200 वाहनों की जांच की गई। जांच में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 31 वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। इनसे कुल 91,500 रुपए का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने और सड़क पर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के लिए जागरूक किया।
जांच के दौरान विशेष रूप से हेलमेट के नियमित इस्तेमाल पर जोर दिया गया। वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है। अभियान के दौरान वाहनों में ओवरलोडिंग की भी जांच की गई। इसके अलावा बड़े वाहनों के आवश्यक कागजात और वैध दस्तावेजों की पड़ताल की गई। परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के जांच एवं जागरूकता अभियान आगे भी जारी रखने पर जोर दिया गया।