लखीसराय में जिला समन्वय समिति की बैठक, लंबित मामलों और राजस्व संग्रहण में तेजी लाने का निर्देश

  • Post By Admin on Oct 05 2026
लखीसराय में जिला समन्वय समिति की बैठक, लंबित मामलों और राजस्व संग्रहण में तेजी लाने का निर्देश

लखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला समन्वय समिति एवं आंतरिक संसाधन समिति की बैठक हुई। समाहरणालय में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, लंबित मामलों, जनहित से जुड़े कार्यों और राजस्व संग्रहण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत विकास शाखा के प्रभारी पदाधिकारी नीरज आनंद के स्वागत संबोधन से हुई।

बैठक में जनशिकायत कोषांग की समीक्षा के दौरान 196 आवेदन लंबित पाए गए। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर इन मामलों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित हो। समेकित बाल विकास सेवाओं की समीक्षा में आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए उपलब्ध पेयजल की स्थिति की जांच कराने को कहा गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को जरूरी बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसके साथ ही Pre-CFMS और Post-CFMS से संबंधित लंबित डीसी बिलों की भी समीक्षा की गई। वरीय कोषागार पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई कर लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने ब्लड बैंक में उपलब्ध रक्त की प्रतिदिन निगरानी करने और इसकी स्थिति की रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने को कहा। गर्भवती महिलाओं की जांच और उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया। सिविल सर्जन को अस्पतालों का औचक निरीक्षण करने के लिए कहा गया। बैठक में एचपीवी टीकाकरण के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए सिविल सर्जन की सराहना भी की गई। जिले के नागरिकों का एबीएचए और ईएचआर तैयार करने पर भी जोर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि इससे मरीजों के उपचार के दौरान उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। आईसीयू में भर्ती मरीजों की दैनिक संख्या की रिपोर्ट देने तथा मरीजों से फीडबैक फॉर्म भरवाकर उसकी एक प्रति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। 108 एंबुलेंस सेवा में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की भी समीक्षा की गई।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति पर जिला पदाधिकारी ने विशेष नाराजगी जताते हुए तेजी लाने का निर्देश दिया। जिले में 5,000 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित होने के बावजूद अब तक करीब 800 लाभार्थियों पर ही काम होने की जानकारी दी गई। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, लखीसराय को योजना की प्रगति तेज करने को कहा। बैठक में पेयजल, सौर संरचना, विद्युत आपूर्ति, योजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता, किसान आईडी और सीसीटीवी लगाने से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई।

जाति, आवासीय और आय प्रमाण-पत्र से जुड़े 84 लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया गया। वहीं चरित्र एवं पूर्ववृत्त सत्यापन के 278 लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने के लिए पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके बाद आंतरिक संसाधन समिति की बैठक में जिले में राजस्व संग्रहण की स्थिति की समीक्षा की गई। वाणिज्यिक कर, निबंधन, परिवहन, खनन, सहकारिता, वन, मत्स्य विभाग के साथ नगर परिषद लखीसराय और नगर परिषद बड़हिया से वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले हुई राजस्व प्राप्ति की जानकारी ली गई।

जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को निर्धारित वार्षिक लक्ष्य हासिल करने के लिए राजस्व संग्रहण में तेजी लाने और इसकी नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। वाणिज्यिक कर एवं निबंधन विभाग को संग्रहण की प्रभावी निगरानी, परिवहन विभाग को कर एवं अन्य बकाया राजस्व की वसूली तेज करने तथा खनन विभाग को अवैध खनन और परिवहन पर नियंत्रण के साथ राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने को कहा गया। सहकारिता, वन और मत्स्य विभाग के अधिकारियों को भी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नगर परिषद लखीसराय और बड़हिया को होल्डिंग टैक्स, शुल्क एवं अन्य राजस्व मदों में लक्ष्य के अनुसार संग्रहण बढ़ाने के लिए कहा गया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि आंतरिक संसाधनों से मिलने वाला राजस्व जिले के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए गंभीरता से काम करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की लगातार निगरानी करने, लंबित मामलों को समय पर निपटाने और जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं करने का निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, सिविल सर्जन जेपी सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी समेत जिला एवं प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।