SSB के नागरिक कल्याण कार्यक्रम में किसानों को बांटे गए कृषि उपकरण, डीएम ने किया शुभारंभ

  • Post By Admin on Sep 30 2026
SSB के नागरिक कल्याण कार्यक्रम में किसानों को बांटे गए कृषि उपकरण, डीएम ने किया शुभारंभ

लखीसराय : सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 16वीं वाहिनी, जमुई के द्वितीय कमान अधिकारी श्री बांके बिहारी के दिशा-निर्देशन तथा डी समवाय कजरा के तत्वावधान में नरोत्तम उच्च विद्यालय के प्रांगण में नागरिक कल्याण कार्यक्रम (2026-27) का भव्य आयोजन किया गया। सहायक कमांडेंट श्री अभिनव तोमर की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि लखीसराय के जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार (भा.प्र.से.) ने किया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा क्षेत्र के सैकड़ों जरूरतमंद किसानों को आधुनिक लघु कृषि उपकरण वितरित किए गए। किसानों को स्प्रे मशीन, कुदाल, खुरपी और काशी सहित विभिन्न उपयोगी औजार उपलब्ध कराए गए। डीएम ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक उपकरणों का उपयोग किसानों की कार्यक्षमता बढ़ाने और समय की बचत में बेहद मददगार साबित होगा। उन्होंने किसानों को इन उपकरणों की बारीकियों और समुचित उपयोग की जानकारी देकर प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी लखीसराय, प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्यगढ़ा, कजरा व पीरी बाजार थाना के पुलिस पदाधिकारी, उड़ान पंचायत मुखिया श्री कृष्णा कोड़ासी तथा बरियारपुर पंचायत मुखिया सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

एसएसबी द्वारा चलाए गए इस जनकल्याणकारी अभियान से स्थानीय किसानों में भारी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने इस मानवीय पहल के लिए एसएसबी व जिला प्रशासन का आभार जताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में निरीक्षक हिमांशु शेखर, उप निरीक्षक खगेंद्र नाथ राय, सहायक उप निरीक्षक के.एच. रघु और राम जतन रजक सहित एसएसबी के सभी जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई।