आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने पर मंथन, सीजेएम कोर्ट में जुटे न्यायिक अधिकारी
- Post By Admin on Sep 30 2026
लखीसराय : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), लखीसराय के तत्वावधान में आगामी 21 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत तथा 12 दिसंबर 2026 को लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर न्यायिक पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय श्री सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम के दिशा-निर्देशन में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) के प्रकोष्ठ में संपन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी लखीसराय श्री आशीष कुमार अग्निहोत्री ने की। बैठक के दौरान आगामी लोक अदालतों में अधिक से अधिक मामलों के त्वरित व सौहार्दपूर्ण निष्पादन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। इसमें मुख्य रूप से सुलहनीय वादों को समय रहते चिन्हित करने, दोनों पक्षों को विधिवत नोटिस तामील कराने और प्री-सिटिंग (पूर्व बैठक) आयोजित करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि अधिक से अधिक वाद अभिलेखों का निपटारा किया जा सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री विधानंद सागर ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा सुलह योग्य वादों को चिन्हित कर संबंधित पक्षकारों को नोटिस भेजना सुनिश्चित करना है, जिससे वे लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने पुराने विवादों को आपसी सहमति से समाप्त कर सकें। इस बैठक में न्यायिक पदाधिकारीगण श्री रंजीत कुमार सोनू, श्रीमती शिप्रा कुमारी, श्रीनिवास शर्मा, श्री हिमांशु भार्गव, श्रीमती सुमन चंद्रा एवं श्री प्रशांत कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।