लखीसराय में सजी खेल प्रतिभा की महफिल: सूर्यगढ़ा, परसावां और बालिका विद्यापीठ की टीमों ने जीते खिताब

  • Post By Admin on Sep 30 2026
लखीसराय में सजी खेल प्रतिभा की महफिल: सूर्यगढ़ा, परसावां और बालिका विद्यापीठ की टीमों ने जीते खिताब

लखीसराय : जिला प्रशासन द्वारा 29 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता (2026-27) के दूसरे दिन विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खेल मैदान पर दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली, जिन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट से युवा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

प्रतियोगिता के तहत आयोजित वॉलीबॉल स्पर्धा में बालक वर्ग के तीनों वर्गों में प्लस टू परियोजना उच्च विद्यालय, सूर्यगढ़ा ने शानदार खेल दिखाते हुए अपना परचम लहराया। अंडर-14 वर्ग में प्लस टू परियोजना उच्च विद्यालय, सूर्यगढ़ा विजेता बना, जबकि लाल इंटरनेशनल स्कूल, लखीसराय की टीम उपविजेता रही। अंडर-17 वर्ग में भी प्लस टू परियोजना उच्च विद्यालय, सूर्यगढ़ा ने खिताबी जीत दर्ज की और उच्च माध्यमिक विद्यालय, खाबा राजपुर (सूर्यगढ़ा) उपविजेता रहा। वहीं अंडर-19 वर्ग में भी प्लस टू परियोजना उच्च विद्यालय ने बाजी मारी।

वॉलीबॉल बालिका वर्ग में अंडर-14 आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले में बालिका विद्यापीठ, लखीसराय ने जीत हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि मॉडल स्कूल/उत्क्रमित उच्च विद्यालय, नरोत्तमपुर (कजरा) उपविजेता रहा। अंडर-19 वर्ग में प्लस टू उच्च विद्यालय, परसावां ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता और प्लस टू उच्च विद्यालय, हसनपुर की टीम उपविजेता बनी।

खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए जिला पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस प्रतियोगिता में जिले भर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं, जहां से चयनित उत्कृष्ट प्रतिभाओं को आगामी उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में लखीसराय जिले का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।