ग्रामीणों के घर तक पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं: आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर बीपी, शुगर और कैंसर की व्यापक स्क्रीनिंग
- Post By Admin on Sep 30 2026
लखीसराय : जिला स्वास्थ्य समिति के निर्देश पर जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में "जाँच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार" अभियान के तहत वृहद स्तर पर विशेष स्वास्थ्य जांच और उपचार शिविर आयोजित किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व सुदूर इलाकों के नागरिकों को उनके घर के समीप ही गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, परामर्श और दवाएं मुहैया कराना रहा।
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों की व्यापक स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें मुख्य रूप से उच्च रक्तचाप (बीपी), मधुमेह (शुगर), एनीमिया (हीमोग्लोबिन), वजन तथा विभिन्न प्रकार के कैंसर के शुरुआती लक्षणों की स्क्रीनिंग शामिल रही। जांच के पश्चात स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की स्थिति के आधार पर उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श और जरूरी दवाएं उपलब्ध कराईं।
अभियान के तहत गैर-संचारी रोगों (NCD) की शुरुआती पहचान और रोकथाम पर खास जोर दिया गया। महिलाओं में एनीमिया व कैंसर स्क्रीनिंग के साथ-साथ उच्च रक्तचाप और मधुमेह से प्रभावित मरीजों को नियमित दवा सेवन और जीवनशैली में बदलाव की सलाह दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को संतुलित आहार अपनाने, शारीरिक व्यायाम करने और तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थों से परहेज करने के प्रति जागरूक किया। शिविर में जटिल या गंभीर लक्षण वाले मरीजों को बेहतर इलाज के लिए उच्चतर स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर कर फॉलोअप की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।
जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस पहल का मकसद स्वास्थ्य सुविधाओं को सीधे समुदाय के दरवाजे तक पहुंचाना है, जिससे बीमारियों का समय पर पता लगाकर गंभीर जटिलताओं से बचा जा सके। जिले भर में चले इस अभियान को सफल बनाने में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO), एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।