बिहार में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह, राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी ध्वजारोहण

  • Post By Admin on Aug 15 2025
बिहार में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह, राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी ध्वजारोहण

पटना : आजादी के 79वें वर्ष पर बिहार भर में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह देखने को मिला। सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों, कार्यालयों तथा संस्थानों में झंडारोहण के साथ देशभक्ति गीतों की गूंज रही।

प्रदेश के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने तिरंगा फहराया, वहीं राजद कार्यालय में पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने झंडारोहण किया। स्वतंत्रता दिवस पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने राबड़ी आवास पर तिरंगा फहराया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी मौजूद रहीं।

उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। मुजफ्फरपुर के पंडित नेहरू स्टेडियम में भी भव्य समारोह आयोजित किया गया, जहां उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने परेड का निरीक्षण किया।

बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने विधानमंडल परिसर में झंडारोहण किया और कहा कि आजादी हमें आसानी से नहीं मिली। यह उन हजारों स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और त्याग का परिणाम है, जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व अर्पित किया। समारोह में बच्चों ने देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।