दिल्ली की गर्मी में बेतहाशा वृद्धि होने के बाद मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

  • Post By Admin on Apr 05 2025
दिल्ली की गर्मी में बेतहाशा वृद्धि होने के बाद मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

दिल्ली : दिल्ली और आसपास के शहरों में गर्मी अब बढ़ने लगी है और लोग इस तीव्र गर्मी से परेशान हो रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के दौरान तापमान 42 डिग्री से ऊपर रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान मौसम विज्ञानियों ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें क्योंकि इस समय लू का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार (5 अप्रैल) को दिल्ली में तेज हवाएं चलने की संभावना है और इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर लू का असर दिख सकता है। वर्तमान में दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। अगले पांच दिनों तक दिल्ली में तापमान 40 से 42 डिग्री तक रहने की संभावना जताई गई है और इस दौरान मौसम साफ रहने की उम्मीद है।

शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस था। शहर के अन्य निगरानी स्टेशनों पर भी उच्च तापमान रिकॉर्ड किया गया था। रिज में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस, आयानगर में 38.1 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 38 डिग्री सेल्सियस और पालम में 37 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा, दिन में आर्द्रता का स्तर 47 फीसदी से लेकर 18 फीसदी के बीच उतार-चढ़ाव करता रहा।

दिल्ली में वायु गुणवत्ता भी खराब हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) शाम 4 बजे 219 के साथ 'खराब' श्रेणी में था। CPCB ने वायु गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद जताई है और अगले दो दिनों में इसे 'मध्यम' श्रेणी में आने का अनुमान है।