दिल्ली : इस अप्रैल में तीन साल का सबसे उच्चतम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जिससे गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। बुधवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक था। इसके साथ ही मौसम विभाग ने चार प्रमुख मौसम केंद्रों पर लू की स्थिति की चेतावनी जारी की है।
गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भी लू के कारण तापमान 43 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो गया है। दिल्ली में इस गर्मी का असर विशेष रूप से आयानगर, पालम, रिज और लोधी रोड जैसे प्रमुख क्षेत्रों में देखा गया, जहां अधिकतम तापमान क्रमशः 40.9 डिग्री, 40.3 डिग्री, 40.2 डिग्री और 39.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने इस बढ़ी हुई गर्मी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और बताया कि आज भी दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसके अलावा, गुरुवार को गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया गया है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है।
दिल्ली में सुबह 8:30 बजे आर्द्रता 51 प्रतिशत थी और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 233 तक पहुंच चुका था, जो खराब श्रेणी में आता है। इस गर्मी के बीच लोगों से लू के प्रभाव से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।
























