दिल्ली में आग से उजड़े सैकड़ों मजदूर परिवार, 200 झुग्गियां जलकर स्वाहा
- Post By Admin on Jun 24 2026
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में उद्योग भवन और सेना भवन के समीप स्थित मजदूरों की बस्ती में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से करीब 200 अस्थायी घर जलकर राख हो गए। हालांकि समय रहते मजदूरों के बाहर निकल जाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग में उनका अधिकांश घरेलू सामान और जरूरी सामान नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार, आग तड़के करीब तीन बजे लगी। सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन विभाग की लगभग 20 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि सेना भवन के पास चल रहे निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के लिए टिन शेड के अस्थायी आवास बनाए गए थे। इन शेडों में खाना बनाने के लिए छोटे एलपीजी सिलेंडर और बिजली की व्यवस्था भी थी। प्रारंभिक आशंका है कि बिजली की स्पार्किंग से आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरी बस्ती को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय अधिकांश मजदूर अपने कमरों में सो रहे थे, जबकि कुछ लोग बाहर मौजूद थे। आग की लपटें देखकर सभी सतर्क हो गए और समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग की इस घटना में बाहरी राज्यों से आए मजदूरों के अस्थायी घरों के साथ-साथ उनका घरेलू सामान, कपड़े और अन्य आवश्यक वस्तुएं पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए आवश्यक कदम उठाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि संबंधित एजेंसियां अग्निकांड के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी हैं।