लखीसराय में पीएम सूर्य घर योजना के तहत भव्य सोलर मेला, रूफटॉप सोलर को मिला बढ़ावा

  • Post By Admin on Aug 07 2026
लखीसराय में पीएम सूर्य घर योजना के तहत भव्य सोलर मेला, रूफटॉप सोलर को मिला बढ़ावा

लखीसराय : 'पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना (PMSGMBY)' को जिले में अधिक प्रभावी बनाने और आम उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को लखीसराय संग्रहालय स्थित ऑडिटोरियम हॉल, बालगुदर में भव्य सोलर मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, एलडीएम कांत सिंह, बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अमरदीप दिवाकर लाल, विद्युत अधीक्षण अभियंता सुमित सौरभ तथा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल लखीसराय के कार्यपालक अभियंता सहित विद्युत विभाग के सभी एईई, जेईई और अन्य अधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे।

मेले में डीआरएस सोलर प्राइवेट लिमिटेड और यूनिकॉर्न ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड सहित पंजीकृत सोलर वेंडरों ने उपभोक्ताओं को पीएम सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर लगाने की प्रक्रिया, सरकारी सब्सिडी, बैंक ऋण और ऑनलाइन आवेदन की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में एसबीआई, यूबीआई, पीएनबी और ग्रामीण बैंक के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। बैंक अधिकारियों ने लाभुकों को सोलर सिस्टम लगाने के लिए उपलब्ध ऋण योजनाओं और अन्य वित्तीय सुविधाओं की जानकारी प्रदान की।

सोलर मेले के दौरान बड़ी संख्या में एसबीपीडीसीएल के विद्युत उपभोक्ता विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचे और रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने के लिए ऑनलाइन आवेदन भी किया। अधिकारियों के अनुसार इससे योजना के प्रति लोगों में बढ़ती जागरूकता और रुचि स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम में उन लाभुकों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने पहले से पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अपने घरों में सोलर सिस्टम स्थापित कराया है। उन्हें आवेदन स्वीकृति एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और जिले में योजना के सफल क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान के लिए डीआरएस सोलर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सुधा रंजन कुमार को प्रशस्ति-पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद सुधा रंजन कुमार ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना आम परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने और बिजली खर्च कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि लखीसराय जिले के अधिक से अधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़ना उनकी संस्था का प्रमुख लक्ष्य है। कार्यक्रम में विद्युत विभाग के अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों, सोलर वेंडरों और बड़ी संख्या में पीएम सूर्य घर योजना के लाभुकों की सक्रिय भागीदारी रही। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से जिले में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और अधिकाधिक उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।