साहेबगंज के दियारा क्षेत्र में बाढ़ का कहर, तीन वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत
- Post By Admin on Oct 01 2024

मुजफ्फरपुर : बिहार के विभिन्न जिलों में बाढ़ का कहर जारी है, और वाल्मीकि बैराज से गंडक नदी में पुनः पानी छोड़े जाने के बाद मुजफ्फरपुर के साहेबगंज के दियारा क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है। रविवार रात से बढ़ते जलस्तर के कारण सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई जब एक मासूम बच्चे की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई।
मृतक की पहचान विनय सहनी के 3 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार के रूप में हुई है, जो घर के पीछे खेलते समय अचानक बाढ़ की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की काफी मशक्कत के बाद बच्चे का शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इधर, बाढ़ के पानी से इलाके में भयावह स्थिति बनी हुई है। सोमवार को जिलाधिकारी ने दल-बल के साथ दियारा क्षेत्रों का दौरा किया और अधिकारियों को बाढ़ से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हुस्सेपुर पंचायत के मुखिया ने बताया कि लोगों की सुरक्षा के लिए नाव की व्यवस्था कराई जा रही है।