खूंखार नक्सली जयराम उर्फ चलपति मारा गया, सिर पर था 1 करोड़ का इनाम, 16 नक्सली ढेर
- Post By Admin on Jan 21 2025

गरियाबंद : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़े नक्सली अभियान में 16 से अधिक नक्सलियों को ढेर कर दिया है। इस मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में जयराम उर्फ चलपति भी शामिल है।जिसका नाम नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी से जुड़ा हुआ था और उस पर एक करोड़ रुपए का इनाम घोषित था। यह मुठभेड़ रविवार से जारी थी और सुरक्षाबलों द्वारा मारे गए नक्सलियों की संख्या में और इजाफा हो सकता है।
सुरक्षाबलों की मुस्तैदी से मारा गया खूंखार नक्सली जयराम उर्फ चलपति
मुठभेड़ के बाद 16 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें जयराम उर्फ चलपति का नाम प्रमुख है, जो नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी का सदस्य था और देश के सबसे खतरनाक नक्सली कमांडरों में गिना जाता था। चलपति पर कई हमलों में शामिल होने का आरोप था और उसके सिर पर एक करोड़ रुपए का इनाम था। यह मुठभेड़ छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर हुई, जहां सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की बड़ी संख्या को घेर लिया था।
नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का संयुक्त अभियान
इस ऑपरेशन में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने काम किया। आईजी अमरेश मिश्रा के अनुसार, 19 जनवरी की रात को सुरक्षाबलों ने छत्तीसगढ़ के कुल्हाड़ीघाट रिजर्व वन में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद ऑपरेशन शुरू किया। इस ऑपरेशन में 1000 जवानों ने 60 से ज्यादा नक्सलियों को घेर लिया था। मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार, गोलाबारूद और एक 'सेल्फ लोडिंग' राइफल बरामद की गई है। साथ ही नक्सलियों द्वारा लगाए गए बारूदी सुरंगों का भी पता चला।
गृह मंत्री अमित शाह ने दी सुरक्षाबलों को बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलवादियों के खिलाफ ऐक्शन को बड़ी सफलता करार दिया है। शाह ने ट्वीट किया, ‘नक्सलवाद पर एक और करारा प्रहार। हमारे सुरक्षा बलों ने नक्सल मुक्त भारत के निर्माण की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। सीआरपीएफ, एसओजी ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर एक संयुक्त अभियान में 14 (बाद में सख्या बढ़कर 16 हो गई) नक्सलियों को मार गिराया। नक्सल मुक्त भारत के हमारे संकल्प और हमारे सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों से, नक्सलवाद आज अंतिम सांस ले रहा है।’