एनालॉग पनीर की शिकायत पर फैक्ट्री में छापा, 300 किलो पनीर सील

  • Post By Admin on Aug 17 2026
एनालॉग पनीर की शिकायत पर फैक्ट्री में छापा, 300 किलो पनीर सील

महासमुंद : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एनालॉग यानी सिंथेटिक पनीर बनाए जाने की शिकायत पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने भालेसर रोड स्थित वैद्या फूड प्रोडक्ट्स फैक्ट्री पर छापा मारकर करीब 300 किलो तैयार पनीर जब्त कर सील किया है। अधिकारियों ने पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।

बताया जा रहा है कि करीब तीन एकड़ में संचालित इस फैक्ट्री में तैयार पनीर को रायपुर और ओडिशा तक भेजा जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग को इस इकाई में बड़े पैमाने पर एनालॉग पनीर तैयार किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद टीम ने फैक्ट्री में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान फैक्ट्री में करीब 300 किलो तैयार पनीर मिला। पनीर तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर अधिकारियों को संदेह हुआ, जिसके बाद तैयार पनीर को जब्त कर सील कर दिया गया। टीम ने निर्माण प्रक्रिया और इस्तेमाल की जा रही सामग्री से जुड़ी जानकारी भी जुटाई है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि भालेसर स्थित यह फैक्ट्री करीब एक साल से संचालित हो रही थी। हालांकि, जब्त पनीर वास्तव में मानकों के अनुरूप है या उसमें मिलावट अथवा सिंथेटिक सामग्री का इस्तेमाल हुआ है, यह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

गौरतलब है कि नकली पनीर और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ छत्तीसगढ़ में 17 अगस्त से विशेष अभियान शुरू किया गया है, जो 23 अगस्त तक चलेगा। अभियान के दौरान अलग-अलग जिलों में दुकानों, होटलों और खाद्य उत्पाद बनाने वाली फैक्ट्रियों की जांच की जाएगी। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशालाओं में जांच कराई जाएगी और मिलावट पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।