तेज रफ्तार का कहर, दो कारों की भिड़ंत में छह लोगों की मौत

  • Post By Admin on Apr 10 2026
तेज रफ्तार का कहर, दो कारों की भिड़ंत में छह लोगों की मौत

कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र में एनएच-30 पर दो कारों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि मृतक कांकेर जिले के उड़कुड़ा गांव के निवासी थे। वे चीवरांज में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी नाथिया नवागांव के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में छह लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य घायल हैं।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतकों की पहचान और अन्य आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।