मुजफ्फरपुर : श्रद्धा और आस्था के महान पर्व छठ के सफल, सुचारू एवं सुरक्षित आयोजन के लिए जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने छठव्रतियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त किए और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों की टीम के साथ नगर निगम अंतर्गत सीढ़ी घाट से चंदवारा घाट तक इंफ्लेटेबल बोट से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अखाड़ा घाट, सूर्य नारायण घाट, आश्रम घाट और लकड़ी ठाढ़ी घाट की स्थिति का मुआयना किया। इसके बाद साहू पोखर घाट, पड़ाव पोखर घाट और आरडीएस कॉलेज घाट का निरीक्षण करते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त किए।
मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी ने कहा कि छठ घाटों को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाने हेतु जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम की टीम पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। नगर आयुक्त द्वारा निगम के घाटों का निरीक्षण किया गया है और सफाई समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। सभी कार्य समय पर पूरे करने की दिशा में कार्यरत हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि घाटों पर साफ-सफाई, एसडीआरएफ की तैनाती, नाव एवं गोताखोर की व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन हेतु दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती, लाइट, मेडिकल टीम और कंट्रोल रूम की सुविधाओं का प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी छठ व्रतियों के लिए व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बीडीओ और सीओ को अपने-अपने क्षेत्र के घाटों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम, नगर आयुक्त विक्रम वीरकर, एएसपी भानु प्रताप सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अजय कुमार, अपर समाहर्ता आपदा मनोज कुमार, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी फिरोज अख्तर और डीआरडीए डायरेक्टर संजय कुमार समेत कई अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।




















